Friday, 6 November 2026

बजाग में छात्रा के कथित उत्पीड़न का गंभीर मामला, अतिथि शिक्षक पर लगे आरोप; स्कूल एवं छात्रावास प्रशासन की भूमिका पर उठे सवाल




बजाग में छात्रा के कथित उत्पीड़न का गंभीर मामला, अतिथि शिक्षक पर लगे आरोप; स्कूल एवं छात्रावास प्रशासन की भूमिका पर उठे सवाल

डिंडौरी/बजाग। शासकीय एकीकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बजाग से एक छात्रा के कथित उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय में पदस्थ अतिथि शिक्षक अशोक कुमार ठाकुर (27), उसी विद्यालय के छात्रावास में रहने वाली एक छात्रा को पिछले करीब दो वर्षों से कथित रूप से परेशान करने और उसकी तस्वीरों के माध्यम से ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए गए हैं।

बताया जा रहा है कि संबंधित शिक्षक का छात्रावास में कई महीनों से लगातार आना-जाना था। इसके बावजूद इस गतिविधि की जानकारी संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं छात्रावास प्रबंधन को क्यों नहीं हुई, यह जांच का विषय है।

मामले में सबसे गंभीर सवाल विद्यालय प्रबंधन और छात्रावास प्रशासन की भूमिका को लेकर उठ रहे हैं। आरोप हैं कि घटना की जानकारी सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लेने के बजाय उसे दबाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।

जांच और जवाबदेही की मांग

मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराने की अपेक्षा है। साथ ही छात्रा की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए यह भी जांच की जानी चाहिए कि छात्रावास में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश और निगरानी की क्या व्यवस्था थी तथा जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिल सकी।

नाबालिग छात्रा से जुड़े इस संवेदनशील मामले में उसकी पहचान और निजता सुरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है। प्रशासन को चाहिए कि आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे।

अब बड़ा सवाल यह है कि छात्रावास में रह रही छात्राओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी है और इस मामले में जवाबदेही कब तय होगी?


No comments:

Post a Comment

Post Top Ad

Your Ad Spot

Pages

SoraTemplates

Best Free and Premium Blogger Templates Provider.

Buy This Template